ज्ञानपुर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई। एल्डर्स कमेटी के पदाधिकारियों ने एक-एक नामांकन पत्रों की गहनता से जांच की। अध्यक्ष, महासचिव समेत अन्य पदों के सभी 30 नामांकन पत्र वैध मिले। कोषाध्यक्ष और आय-व्यय निरीक्षक के लिए एक मात्र नामांकन होने से निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। बृहस्पतिवार को नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो जाएगी।
डिबाए के वार्षिक चुनाव के लिए एक जनवरी से नामांकन पत्रों का वितरण शुरू हुआ। आठ जनवरी तक नामांकन पत्र दाखिल किया गया। इसमें अध्यक्ष के लिए दो, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए दो, महासचिव के लिए पांच, कोषाध्यक्ष के लिए एक, उपाध्यक्ष 10 वर्ष के ऊपर में दो, उपाध्यक्ष पांच वर्ष से ऊपर में दो जबकि संयुक्त सचिव के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। इसी तरह वरिष्ठ कार्यकारिणी के लिए आठ प्रत्याशियों, कनिष्ठ कार्यकारिणी के लिए पांच और आय-व्यय निरीक्षक के लिए एक मात्र नामांकन किया गया है। बुधवार को एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन सदानंद यादव, सदस्य मोहन लाल मिश्र, स्वामीनाथ मिश्रा, प्रभुनाथ पाठक, विनीत श्रीवास्तव भईयाजी ने एक-एक नामांकन पत्रों की जांच। अध्यक्ष ने कहा कि सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए। बृहस्पतिवार को नाम वापसी के साथ ही चुनाव की तस्वीर साफ हो जाएगी। वहीं दूसरी ओर अध्यक्ष, महासचिव समेत अन्य पदों पर नामांकन करने वाले प्रत्याशी जीत को लेकर मतदाताओं को रिझाने में लग गए हैं। पूर्व पदाधिकारी चहेते प्रत्याशियों के समर्थन में गोलबंदी करने लगे हैं। जैसे-जैसे मतदान की तिथि नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे डिबाए चुनाव को लेकर सियासी गर्मी धीरे-धीरे तेज होने लगी है।