भदोही। जीएसटी काउंसिल द्वारा धार्मिक यात्राओं के हवाई किराए पर जीएसटी 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत किए जाने का खुद्दाम-ए हज समिति ने हांथो हांथ लिया है। समिति के लोगों ने पिछले दिनों प्रधानमंत्री और वित्तमंत्री से हज के हवाई किराए को जीएसटी से मुक्त करने की मांग की थी। रविवार को एक प्रेस वार्ता में समिति के लोगों ने घोषणा का स्वागत किया। इस मौके पर मौजूद विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी ने कहा कि चालू हजयात्रा में ही इस घोषणा का लाभ मिलेगा।
समिति के संरक्षक हाजी सौदागर अंसारी ने कहा कि हजयात्रियों को हवाई किराए में 13 प्रतिशत तक कटौती से भारी राहत मिली है। देखा जाए तो यह बड़ा फैसला है। भारी संख्या में हजयात्रा की चाहत रखने वालों को लाभ होगा।
वार्ता में विधायक ने बताया कि इस घोषणा का लाभ वर्तमान में हजयात्रा के आवेदकों को मिलेगा। लोगों ने कहा कि इस बात की खुशी है कि सरकार से उन लोगों ने मांग रखी थी जो पूरी हुई है। महासचिव मौ.सुहैब आलम ने बताया कि इस निर्णय से प्रति हजयात्री 12 हजार रुपये तक लाभ होगा। वार्ता में संरक्षक हाजी शाहिद हुसैन, हाजी आजाद खां, अब्दुल कादिर अंसारी, हाजी इमाम बेग, हाजी हबीबुल्लाह, हसन अंसारी, हाजी जाहिद अंसारी, हाजी आफताब आलम, नुरुल्लाह अंसारी भी थे।