भदोही। विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि दिव्यांगों को ईश्वर विशेष शक्ति प्रदान करता है। आज दिव्यांग हर कार्य करने में सक्षम हैं। वे अपने बल पर मुख्य धारा में बने हुए हैं। भाजपा सरकार दिव्यांगों के विकास के लिए संकल्पित है। उन्हें रोजगार के साधन के अलावा दूसरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार काम कर रही है। विश्व दिव्यांग दिवस पर वे स्टेशन रोड स्थित एक प्रतिष्ठान में दिव्यांग योग प्रबंधन शिविर में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि दिव्यांग लाचार, बेबस नहीं हैं। दिव्यांग होते हुए भी उन्होंने समाज में अच्छा मुकाम हासिल किया है। इसलिए किसी दिव्यांग को कमतर नहीं समझना चाहिए। कार्यक्रम में लगभग दो सौ दिव्यांगों सहित सैकड़ों लोगों ने योग के गुर सीखे। योग संजीवनी ट्रस्ट के संयोजक योगाचार्य विजय श्रीवास्तव ने लगभग 45 मिनट तक योगाभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि योग अनंत का दर्शन व परम स्वास्थ्य का विज्ञान है। योग मनुष्य को समस्त तापों तथा रोगों से बचाता है। योगाचार्य ने दिव्यांगजनों को तमाम रोगों से बचने के लिए कई प्रकार के प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने हर्बल को जीवन रक्षक बताया।
कार्यक्रम का समापन सांसद वीरेंद्र सिंह ने किया। उन्होंने दिव्यांगों को योग की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए आयोजक मंडल को धन्यवाद दिया। संचालन तरुण शुक्ल ने किया। मुख्य रूप से दिव्यांग जनकल्याण समिति की डा. सुनीता तिवारी, दिव्यांग हुनर रोजगार मिशन के मुश्ताक अहमद, सचिन तोमर, राष्ट्रपति पुरष्कार प्राप्त दंपति आरती व राजीव टंडन, केपी सिंह, पीसी जायसवाल, सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के प्रबंधक डा. वसीम रजा, राजेश परदेशी, रामधनी यादव, हाजी अब्दुल हादी, सिद्धनाथ पांडेय, विनीत बरनवाल, एहसान अहमद, अमित जायसवाल, अशोक पाल, डॉ.अजय बरनवाल, धर्मराज बिंद, सुभाष मौर्य, दया मौर्य, इमामुद्दीन, विष्णु शाहू, शुभम साहू, विनोद यादव आदि रहे।