ज्ञानपुर। जिले की तीनों तहसीलों पर मंगलवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 176 मामले आए, जिनमें से केवल 14 मामलों का ही निस्तारण मौके पर किया जा सका। अन्य मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया। औराई तहसील में कमिश्नर ने संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता की।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाले फरियादियों की समस्याओं का अधिकारी प्राथमिकता से निस्तारण करें। जमीन संबंधित मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम स्थलीय निरीक्षण कर पीड़ित को न्याय दिलाने का काम करे। आने वाले मामलों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के अंदर होना चाहिए। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 69 मामले आए जिसमें मात्र सात मामलों का निस्तारण किया गया। शेष मामलों को विभागीय अधिकारियों को सौंप दिया गया। कम मामलों का निस्तारण होने से एक बार फिर ज्यादातर फरियादियों को मायूस लौटना पड़ा। इस दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में से एक है। जनता की समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही नहीं होना चाहिए। तहसील सभागार ज्ञानपुर में मंगलवार को 47 फरियादियों ने आवेदन पत्र दिया। इसके सापेक्ष मात्र तीन मामलों का ही तत्काल निस्तारण हो सका। इस दौरान सीडीओ हरिशंकर सिंह ने कहा कि तहसील दिवस में आने वाले मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण होना चाहिए। उधर, तहसील सभागार में पहुंचे ज्यादातर फरियादी अपने को कोसते हुए वापस लौटते नजर आए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक राजेश एस, एसडीएम अमृता सिंह, बीएसए अमित कुमार सिंह, जिला पिछड़ा कल्याण अधिकारी अजय कुमार सिंह, समाज कल्याण अधिकारी मीना श्रीवास्तव, डीपीओ उर्मिला देवी समेत अन्य अधिकारी उपस्थि रहे। भदोही तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस पर पांच दर्जन फरियादियों के मामले दर्ज किए गए। सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सुपुर्द कर निर्धारित समयावधि में उनके निस्तारण का निर्देश दिया गया। उपलिजिलाधिकारी यमुनाधर चौहान ने बताया कि चार मामलों को सभागार मे ही निस्तारित कर दिया गया। एसडीएम ने बताया कि राजस्व विभाग से जुड़े 18 मामले आए, पूर्ति विभाग के 11, पुलिस विभाग से संबंधित 21 मामले फाइल हुए। विद्युत विभाग और भदोही ब्लाक से संबंधित 2-2 मामले। इस दौरान राजस्व अधिकारियों ने तीन तथा पूर्ति विभाग के एक मामले का त्वरित निस्तारण कर दिया। शेष प्रार्थना पत्रों को विभागीय अधिकारियों के हवाले कर दिया गया। नायब तहसीलदार स्वामीनाथ सिंह भी मौजूद रहे।