दुर्गागंज (भदोही)।
प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्रों के चयन को लेकर हर रोज नए कारनामेे जहां उजागर हो रहे हैं, वहीं, दुर्गागंज थाना क्षेत्र के गंगारामपुर गांव में बुधवार को विकास भवन का अधिकारी बनकर आवास के नाम पर कमीशन लेने गए दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। दोनों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।
हुआ यूं कि मंगलवार को दो युवक अभोली ब्लॉक के गंगारामपुर गांव पहुंचे। दोनों खुद को विकास भवन का अधिकारी बताकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों की पात्रता की जांच करने की बात कही। साथ ही कहा कि अगर जांच से बचना चाहते हो तो तीन से चार हजार रुपये सुविधा शुल्क देना पड़ेगा। भानु गोड़ और कमलेश गोड़ समेत तीन-चार लाभार्थियों ने उनकी बात मानकर पैसा भी दे दिया। बुधवार को दोनों युवक दोबारा गांव में पहुंचे और लोगों को बुलाया। मंगलवार की तरह दोनों ने फिर ग्रामीणों पर रौब गांठना शुरू कर दिया। गांव के प्रधान श्यामराज बिंद को संदेह हुआ तो उन्होंने ब्लॉक पर चलने की बात कही। इस पर दोनों सकपका गए। उन्हें लगा कि उनकी पोल खुल जाएगी तो वह बहाना बनाने लगे। प्रधान के इशारे पर आसपास खड़े ग्रामीण दोनों युवकों को घेर लिया और थाने की पुलिस को सूचित किया गया। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने लेकर आई। लाभार्थियों भानू और कमलेश ने दोनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी है। हालांकि समाचार दिए जाने तक पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी।
मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। प्रशासनिक स्तर से भी दोनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। ब्लॉक के बीडीओ को निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि आवास समेत अन्य किसी भी योजना में कमीशनखोरी नहीं चलेगी, जो भी अपात्र रहेगा, उससे वसूली की जाएगी।