ज्ञानपुर (भदोही)। ईंट निर्माता समिति के बैनर तले जिले के भट्ठा संचालकों ने शनिवार को विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। भट्ठों को जीएसटी से अलग करने की मांग की गई। मुख्यमंत्री को संबोधित डीएम को सौंपा।
जिलाध्यक्ष मिठाईलाल दूबे की अध्यक्षता में शनिवार को दर्जन भर से अधिक की संख्या में कलेक्ट्रेट पर पहुंचे भट्ठा मालिकों ने नारेबाजी कर विरोध जताया। कहा कि जीएसटी लागू होने से उनका व्यापार प्रभावित होगा। 1989 से 2016 तक बिक्रीकर, व्यापार कर समाधान योजना बेहतर ढंग से प्रभावी है। इससे सरकार को राजस्व लाभ मिलता है। बताया कि भट्ठा ग्रामीण अंचलों का सीजनल व्यापार है। इसे चलाने वाले लोग कम पढ़े लिखे होते हैं। ऐसी स्थिति में उनके लिए ऑनलाइन प्रति माह तीन और साल में 37 रिटर्न दाखिल करना बहुत मुश्किल होगा। समाधान योजना से सरकार को राजस्व का जहां लाभ होगा वहीं, भट्ठा संचालकों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। संचालकों ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्रक में जीएसटी कर प्रणाली में समाधान योजना लागू करने और केंद्रीय पर्यावरण जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के प्रमाणपत्र की बाध्यता समाप्त करने की मांग की गई। इस मौके पर मेवालाल यादव, राहुल दूबे, रमाशंकर यादव, श्रीराम मिश्रा, सत्य नारायण, अनिल शुक्ला, संजय उपाध्याय समेत कई लोग रहे।