सीतामढ़ी। धार्मिक स्थली सीतामढ़ी का ऐतिहासिक लवकुश जन्मोत्सव के नवमी मेले की तैयारी पूरी कर ली गई है। रविवार को होने वाले मेले के मद्देनजर सुरक्षा का व्यापक बंदोबस्त किया गया है। भीड़भाड़ वाले स्थलों पर सादे वर्दी में महिला और पुरुष पुलिस के जवान भी तैनात रहेंगे।
सीतामढ़ी में नौ दिनी जन्मोत्सव मेले को लेकर जगह-जगह भजन,कीर्तन और प्रवचन अंतिम दौर में पहुंच गया है। शनिवार को जगह-जगह दूकानों के अलावा झूले आदि सज गए। मेला प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश चौबे ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिगत हर पहलू पर ध्यान दिया गया है। स्नान पर्व को देखते हुए गंगा नदी में बैरिकेडिंग करा दी गई है। जल पुलिस के गोताखोर भी अपनी पैनी नजर रखेंगे। बैरिकेडिंग से सटकर नौकाएं भी लगा दी गई हैं। उन्होंने मठहा चौराहे के त्रिमुहानी, थाना के सामने तथा सीतामढ़ी गेट पर बैरिकेडिंग की गई है। सीतामढ़ी गेट से मंदिर तक दो पहिया और चार पहिया वाहन ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। कहा कि पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिस, जल पुलिस, के साथ खुफिया विभाग के लोगों की पैनी नजर भी रहेगी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी और जवान भी तैनात रहेंगे। मेला क्षेत्र में प्रकाश की व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइट के साथ सोलर लाइट भी लगाई गई है।