मोढ़। हरीपट्टी गांव में बुधवार की देर शाम भदोही विधायक रवींद्र त्रिपाठी का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इसमें विधायक ने क्षेत्र के लोगों से विकास के लिए दो साल की मोहलत मांगी। कहा कि अभी सरकार के चार महीने ही हुए हैं। थोड़ा समय दीजिए, बिजली, पानी, सड़क और भ्रष्टाचार की समस्याएं पूरी तरह खत्म होंगी।
विधायक ने कहा कि अगर सरकारी कार्यालय में आपको भ्रष्टाचार दिखता है या किसी काम के एवज में पैसे मांगा जाता है तो सीधे मुझे फोन करें। कहा कि बिजली के खराब ट्रांसफॉर्मर बदलने के लिए विभाग को लिस्ट दे दी गई है। जगह-जगह ट्रांसफॉमरों की समस्या को देखते हुए लोड भी बढ़ाया जा रहा है। कहा कि दो साल के बाद अगर आपको विकास में खामियां दिखे तो आप मुझसे सवाल-जवाब कर सकते हैं। इससे पूर्व ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने विधायक का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम में सालिक राम दुबे, अंग्रेज दुबे, शशि दीक्षित, संदीप दीक्षित, विनय दुबे, प्रांजल दुबे, मनोज पाठक आदि मौजूद रहे।