भदोही। कोतवाली अंतर्गत नगर के काजीपुर भट्टा मोहल्ले में बुधवार को दोपहर जूट व्यवसायी के गोदाम में आग लग गई। इससे 2.25 लाख के जूट जल कर बेकार हो गए। कुछ माल जल कर राख हो गया, जबकि भारी मात्रा में जूट आग की आंच से खराब हो गया। घटना को शार्ट सर्किट का कारण बताया जा रहा है।
शहाबुद्दीन अंसारी कालीनों में प्रयुक्त होने वाले प्राकृतिक यार्न जूट के सप्लायर हैं। उनका कारोबार और घर साथ साथ लगे हैं। गोदाम में भारी मात्रा में माल पड़ा था। बुधवार को सुबह 10.30 बजे जूट के गोदाम से धुआं निकलता देख घर लोग सकते में आ गए। शोक गुल मचाने सुन कर और धुआं देख कर पड़ोसी भी पहुंच गए। इस दौरान मोहल्ले के लोगों के साथ उन्होंने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। पानी की सहारे आग पर काबू पाने में लगभग एक घंटे लग गए। इस दौरान गोदाम में रखे लगभग 600 बंडल में आग लग गई। आग बुझने के बाद भी घंटों धुआं निकलता रहा। पूरी तरह से आग बुझने के बाद भी लगभग दो लाख रुपये का माल जल गया। व्यवसायी शहाबुद्दीन ने बताया कि भारी मात्रा में रेशे काले पड़ गए हैं और उनमें आंच लग जाने से किसी काम के नहीं रहे। आग कैसे लगी के बावत उन्होंने बताया कि शार्ट सर्किट होने से आग लगी। शार्ट सर्किट होने से गोदाम में बिजली के तार भी जल गए हैं।