ज्ञानपुर। जोरईं स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छह में प्रवेश के पंजीकरण की समय सीमा समाप्त हो गई है। छठवीं कक्षा में 80 सीटों के लिए 5007 ऑनलाइन आवेदन आए हैं। एक-एक सीट पर 63 विद्यार्थियों की दावेदारी रहेगी। नवंबर में होने वाली प्रवेश परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जिले का एकमात्र जवाहर नवोदय विद्यालय जोरईं गांव में स्थित है। जहां छठवीं से लेकर 12वीं तक छात्र-छात्राओं को आवासीय शिक्षा दी जाती है। आगामी सत्र में छठवीं कक्षा में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा कराई जानी है। इसके लिए पहले 31 जुलाई तो बाद में सात अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन लिया गया। अंतिम तिथि तक जिले के छह ब्लॉकों से 5007 आवेदन आए। इसमें डीघ ब्लॉक में सबसे कम 755 के सापेक्ष 525 यानि 69.54 फीसदी और ज्ञानपुर ब्लॉक में 778 के सापेक्ष 1251 यानि 146.14 फीसदी आवेदन आए। कुल आए आवेदनों को मिलाकर देखा जाए तो एक-एक सीट पर 63 विद्यार्थियों के बीच मुकाबला होगा। अच्छे अंक लाने वाले छात्र-छात्राएं ही प्रवेश पा सकेंगे।
विद्यालय के प्रधानाचार्या डॉ. इकरामुद्दीन ने बताया कि कुल 5007 आवेदन आए हैं। जिसका सत्यापन किया जा रहा है। प्रधानाचार्य ने बताया कि निर्धारित 80 सीटों में से 75 प्रतिशत सीटें ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी। उन्होंने बताया कि 28 नवंबर को प्रवेश परीक्षा प्रस्तावित है। प्रवेश परीक्षा को हर हाल में नकलविहीन संपन्न कराया जाएगा। परीक्षा केंद्र के निर्धारण की प्रक्रिया चल रही है।