ज्ञानपुर। औराई विकास खंड का समधा ताल इन दिनों छुट्टा मवेशियों का डेरा बन गया है। मवेशी रात के समय आसपास की कई बीघे फसल को नष्ट कर रहे हैं। इसको लेकर किसानों में डर समा गया है कि अब उनकी फसल का क्या होगा। प्रशासन की ओर से अविंलब कदम उठाने की मांग की।
शासन और प्रशासन की ओर से छुट्टा मवेशियों के लिए भले ही अस्थायी गोशाला खोलने की कवायद हो रही है, लेकिन एकाध स्थान को छोड़कर अब तक कहीं भी गोशाला नहीं खुल सकी। इससे ग्रामीण अंचलों में टहलने वाले छुट्टा मवेशी किसानों के लिए मुसीबत बन चुके हैं। औराई का समधा ताल छुट्टा मवेशियो के लिए केंद्र बन चुका है। यहां पर कई एकड़ में खेती नहीं होने और पानी की सुविधा होने से सैकड़ों की संख्या में मवेशी डेरा डाले हुए हैं। आसपास के किसानों की कई बीघे फसलों को नुकसान भी पहुंचा चुके हैं। मंगलवार को ग्राम प्रधान श्रीराम दूबे ने ग्रामीणों के सहयोग से उन मवेशियों को एक स्थान पर एकत्रित किया। इसके बाद वह औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर से मिलकर समस्या से निजात दिलाने की मांग की।