भदोही। तहसील बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के चुनाव के लिए मतदान 29 जनवरी को होगा। इसके लिए शनिवार को नामांकन वापसी के दिन किसी भी प्रत्याशी ने पर्चा वापस नहीं लिया जिससे अब अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला होगा। महामंत्री पद पर दो प्रत्याशी होने से सीधा मुकाबला होगा। सायं 4 बजे मुख्य निर्वाचन अधिकारी कृपाशंकर मिश्र ने प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की। लगभग 900 मतदाता अधिवक्ता 29 जनवरी को प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों में निवर्तमान अध्यक्ष सूर्यप्रसाद द्विवेदी, विनोद राय और मोती लाल हैं जबकि विजय शंकर यादव व शिवप्रकाश सिंह के बीच महामंत्री पद के लिए मुकाबला होगा। बताया कि तीन पदों वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष व कोषाध्यक्ष पद पर केवल एक एक प्रत्याशी होने से इनका चुनाव निर्विरोध होगा। उन्होंने कहा कि बार के 11 कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए कुल 11 लोगों ने नामांकन किया था। जिसमें से किसी ने पर्चा वापस नहीं लिया। इससे ये सभी प्रत्याशी निर्विरोध कार्यकारिणी सदस्य बन जाएंगे। उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर चंद्रेश यादव, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर विनय कुमार राज तथा कोषाध्यक्ष पद पर पंकज पांडेय ने अकेले नामांकन किया है। कार्यकारिणी सदस्य में गंगाराम यादव, धनंजय पाठक, अरुण दूबे, जयनाथ बिंद, रामप्रसाद गौतम, राजेंद्र प्रसाद, रामप्रकाश यादव, संदीप यादव, चंद्रेश राय, राजेंद्र मिश्र का भी निर्वाचन साफ है।