भदोही। इंडिया कारपेट एक्सपो का आयोजन बड़ालालपुर स्थित ट्रेड फेसिलिटेशन सेंटर (टीएफसी) में आयोजित करने के केंद्र सरकार के निर्णय पर पूर्व विधायक जाहिद बेग ने आपत्ति जताई है। उन्होंने शुक्रवार को अपने आवास पर प्रेस वार्ता कर कहा कि यह भदोही के कालीन उद्योग को खत्म करने की साजिश है। एलान किया कि यदि भदोही के नवनिर्मित कारपेट एक्सपो मार्ट में मेला आयोजित न हुआ तो मेले के दौरान वे कारपेट एक्सपो मार्ट पर अकेले धरना देंगे।
पूर्व विधायक ने कहा कि मोदी सरकार अपने निर्णय लोगों पर थोप रही है। कहा कि बड़ा लालपुर का टीएफसी विभिन्न उद्योगों के लिए है, जबकि भदोही का मार्ट शुद्ध रूप से कारपेट एक्सपो मार्ट है। कहा कि संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में एक्सपो आयोजन के लिए भुगतान भी कर दिया गया था। यदि वहां से फेयर अन्यत्र ले जाना था तो सीधे भदोही लाया जाना चाहिए था, लेकिन देखा जा रहा है कि कुछ लोग इंडस्ट्री को तबाह करने और प्रधानमंत्री को खुश करने में लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पहले तो यह कहा जाता रहा कि भदोही का कारपेट एक्सपो मार्ट तैयार नहीं है और अब जब मार्ट बन कर तैयार है तो फिर वाराणसी में एक्सपो आयोजन का क्या तुक है? बड़े बड़े ट्रेडर्स पनप गए, लेकिन कालीन कारोबार का जन्मदाता कहे जाने वाली भदोही से कारोबार धीरे धीरे समाप्त होता जा रहा है। कहा 21 अक्तूबर से एक्सपो का आयोजन होना है। यदि एक्सपो का आयोजन भदोही में नहीं किया गया तो वे कारपेट एक्सपो मार्ट के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे।