ज्ञानपुर। आयुक्त विंध्याचल मंडल, मिर्जापुर मुरली मनोहर लाल और पुलिस महानिरीक्षक प्रेम प्रकाश ने मंगलवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ खामियां मिलने पर सीएमस डॉ. डीबी प्रसाद को सुधार का निर्देश दिया। उनके साथ सीओ ज्ञानपुर रामकरन भी थे।
कमिश्नर ने जिला अस्पताल की ओपीडी, महिला वार्ड, पैथालाजी, एक्सरे रूम, इमरजेंसी, भर्ती वार्ड और दवा घर का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पैरालीगल मरीज का एक्सरे नहीं होने और एक मरीज के पास बाहर की दवा मिलने पर कमिश्नर ने नाराजगी जताते हुए सुधार लाने की चेतावनी दी। कहा कि कोई भी चिकित्सक मरीज को बाहर की दवा नहीं लिखेगा। सभी मरीजों को त्वरित इलाज मिलना चाहिए। इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए। लापरवाही को नजर अंदाज नहीं किया जाएगा। अस्पताल में साफ-साफ व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता पर संतोष जाहिर किया। कहा कि जिला अस्पताल जिले का प्रमुख अस्पताल होता है। अस्पताल में सभी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को गंभीरता से लेते हुए शासन को अवगत कराने की बात कही। कमिश्नर ने कहा कि अस्पताल आने वाले सभी मरीजों को बेहतर इलाज मिलना चाहिए। इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी चिकित्सक समय पर ओपीडी में बैठकर मरीजों का इलाज करें। निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ. डीबी प्रसाद, एचके त्रिपाठी समेत अन्य लोग मौजूद थे।