ज्ञानपुर (भदोही)। जिले के 22 हजार 170 किसानों का 99 करोड़ 44 लाख ऋण माफ कर दिया गया है। इसके लिए शासन से निर्देश मिलने के बाद जिला प्रशासन ने कर्जमाफी का लाभ किसानों को देने के लिए कवायद शुरू कर दी है। अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है और किसानों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम शुरू किए गए हैं।
2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को अमलीजामा पहनाने की कोशिशें जिले में शुरू हो गईं हैं। इसके लिए जिले के लघु और सीमांत किसानों का एक लाख तक का ऋण माफ करने की योजना को अमल में लाने के लिए लखनऊ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसके लिए जिला स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 14 सदस्यीय एक कमेटी का गठन कर लिया गया है। इसमें मुख्य विकास अधिकारी सचिव और जिला कृषि अधिकारी सह सचिव बनाए गए हैं। कमेटी की बैठक सोमवार को देर शाम हुई। इसमें किसानों को कर्जमाफी का लाभ दिलाने के लिए पूरी योजना का खाका तैयार किया गया। जिलाधिकारी विशाख जी ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 31 मार्च 2016 तक किसानों के ब्याज समेत बकाये को इस योजना में शामिल किया गया है। इसमें वित्तीय वर्ष 2016-17 की अवधि में किसान ने अगर कर्ज का भुगतान किया है तो उसे घटा दिया जाएगा। कहा कि फसली ऋण माफी की अधिकतम सीमा एक लाख तक होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि कर्जमाफी के पहले चरण में उन किसानों को शामिल किया जाएगा, जिनका आधार कार्ड नंबर उनके खाते से लिंक है। उसके बाद जिनका आधार कार्ड नंबर लिंक नहीं है, उन्हें इसके लिए प्रेरित किया जाएगा और उनके खाते को आधार से लिंक कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। डीएम ने कहा कि जिन किसानों के खाते नान भूलेख के अंतर्गत हैं, उनका भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जिले में विभिन्न बैंकों से कुल 22170 किसानों का 99.44 करोड़ कर्ज माफ किया जाना है। इसमें अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक शामिल नहीं हैं।