भदोही। दीपावली की रात में पटाखा फोड़ने को लेकर नईबाजार में हुई मारपीट में जितेंद्र सोनकर (23) की हत्या में शामिल 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर आला कत्ल भी बरामद कर लिया गया है। रात की घटना के बाद सुबह पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे थे और मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया था। बकौल पुलिस गुलौरा निवासी मृतक के भाई सुरेश सोनकर की तहरीर पर 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही थी।
मामले की तफ्तीश सीओ भदोही अजय कुमार चौहान कर रहे थे। इसके अलावा नामजदों की गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती के निर्देशन मेें टीम गठित की गई थी। बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर महेश मोदनवाल, दीना उर्फ पप्पू, झारखंडे, अंशु उर्फ संदीप, शुभम मोदवाल, गोविंदा मिश्रा सहित 9 लोगों को नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। बुधवार को दोपहर में भदोही रेलवे स्टेशन के साइकिल स्टैंड के पास से छह को गिरफ्तार कर लिया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद सभी कहीं भागने की फिराक में स्टेशन पहुंचे थे। तीन अभी भी फरार हैं। जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक पूरा मामला आतिशबाजी करने को लेकर था। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि सोनकर बस्ती के लोग उनके घर के पास आकर पटाखा छोड़ रहे थे। मना करने पर मानने को तैयार नहीं थे। मारपीट और गाली-गलौज पर आमादा हो गए थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और मारपीट में जितेंद्र सोनकर पर राड के हमले से उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद पुलिस अधीक्षक ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को अलर्ट कर नगर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया था। घटना के दो दिन बाद नगर में शांति व्यवस्था कायम है। लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात रही। नईबाजार चौराहे के अलावा नईबाजार ईदगाह पर पुलिस बल तैनाती के अलावा नगर में कई स्थानों पर पुलिस बुधवार को भी तैनात रही। घटना में एक की मौत के बाद दूसरे पक्ष के एक अधेड़ की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।