जिले में 105 केंद्रों पर बृहस्पतिवार से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा की तैयारी बुधवार शाम तक पूरी कर ली गई। जिला प्रशासन और माध्यमिक शिक्षा विभाग ने एक-एक बिंदु पर तैयारी की समीक्षा की। परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 58 हजार छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। जिले के 25 संवेदनशील केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के अलावा एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट को तैनात किया गया है। बुधवार शाम तक कई केंद्रों पर कर्मचारियों ने डेस्क स्लिप चस्पा किया।
प्रशासन की ओर से परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले को तीन जोन और 14 सेक्टरों में बांटा गया है। 105 केंद्रों पर होने वाली परीक्षा में हाईस्कूल में 31 हजार 498 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इसी तरह इंटरमीडिएट में बालक 12 हजार 162 और बालिकाएं 13008 समेत कुल 26 हजार 572 परीक्षार्थी भाग लेंगे। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में कुल 58 हजार छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए संवेदनशील 25 केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। इसमें केशव प्रसाद इंद्रावती देवी इंटर कॉलेज सहसेपुर, मॉडर्न बालिका इंटर कॉलेज, केशव प्रसाद इंद्रावती देवी बालिका इंटर कॉलेज संवरपुर, संकट मोचन आदर्श इंटर कॉलेज दानीपट्टी, लोहिया इंटर कॉलेज समेत अन्य केंद्र शामिल हैं। परीक्षा को लेकर बुधवार को केंद्रों पर गहमागहमी का माहौल रहा। प्रवेश पत्र लेने के लिए छात्र-छात्राओं संग अभिभावक भी केंद्रों पर पहुंचते रहे।
नकल कराते मिले तो होगी एफआईआर
ज्ञानपुर। जिलाधिकारी सुरेश कुमार सिंह ने परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को डीआईओएस कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और कक्ष निरीक्षकों की फाइलों को देखा। सचल दस्तों के पास वाहन आदि की सुविधा आदि के बारे में डीआईओएस से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसी भी केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक या कक्ष निरीक्षक नकल कराने में संलिप्त मिले तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। डीएम के अचानक पहुंचने से डीआईओएस कार्यालय में खलबली मच गई। जिलाधिकारी ने परीक्षा की तैयारियों से जुड़े विभिन्न मसलों की फाइलों की बारीकी से समीक्षा की।