ज्ञानपुर। निर्वाचन ड्यूटी में बहाना बनाकर वाहन न भेजने पर जिले के 80 वाहन स्वामियों पर परिवहन विभाग मुकदमा दर्ज कराएगा। इसके लिए डीएम से अनुमति मांगी गई है। बृहस्पतिवार को सभी के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया जाएगा।
छठवें चरण में 12 मई को जिले में मतदान होना है। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट को चेकिंग के लिए आठ मई को चार पहिया वाहनों की जरूरत थी। उप संभागीय परिवहन विभाग की ओर से 150 से अधिक वाहन स्वामियों को नोटिस भेजकर कार, बोलेरो आदि आठ मई को भेजने का निर्देश दिया गया था लेकिन बुधवार शाम चार बजे तक 80 स्वामियों ने वाहन नहीं भेजा। उप संभागीय परिवहन अधिकारी सत्येंद्र कुमार यादव ने कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी से अनुमति लेकर 80 वाहन स्वामियों पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।