जंगीगंज। डीघ विकास खंड के केवलपुर गांव निवासी डॉ. सुरेंद्र पांडेय को संस्कृत साहित्य लेखन में देश के संस्कृत संस्थान ने एक लाख का विशिष्ट पुरस्कार देने की घोषणा की है। इससे उनके परिजनों समेत गांव वालों में खुशी है। इससे पहले भी वह लेखन के क्षेत्र में कई बार सम्मानित हो चुुके हैं।
माध्यमिक शिक्षा के विशेष सचिव के पद पर तैनात केवलपुर क्षेत्र के बैरीबीसा गांव निवासी डॉ. सुरेंद्र पांडेय को वर्ष 2018 का संस्कृत और साहित्य लेखन में विशिष्ट पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। उनकी साहित्य, धर्म, अध्यात्म, ज्योतिष, योग, आयुर्वेद, वास्तु शास्त्र, रत्न शास्त्र, इतिहास, संस्कृति, यात्रा संस्मरण और दर्शन समेत 28 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। विभिन्न रचनाओं के लिए उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान, उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान और राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान की ओर से वह कई बार पुरस्कृत भी हो चुके हैं। इससे वह स्थानीय लोगों के लिए प्रेरणास्त्रोत बने हुए हैं। पुरस्कार के लिए उनके नाम की घोषणा होने पर एकमा अध्य्क्ष ओमकार नाथ मिश्र, उमेश मिश्र, राजबली उपाध्याय, दुर्गा प्रसाद, भुवनेश्वर नाथ शुक्ल, सुरेशचंद्र शुक्ल, प्रेमशंकर मिश्र, लालचंद्र तिवारी, धीरेंद्र तिवारी, नीलेश तिवारी ने खुशी जाहिर की।