लालानगर (भदोही)। कुंभ में कल्पवास मेले के समापन का असर बृहस्पतिवार को यातायात पर पड़ा। वाराणसी-इलाहाबाद हाईवे जाम हो गया। जिले में ऊंज सीमा से लेकर बाबूसराय तक जगह-जगह जाम लगता रहा। इसके अलावा भदोही नगर में भी जाम की स्थिति बनी। इससे यात्री और वाहन चालक बेहाल रहे। प्रयागराज से कल्पवासियों और श्रद्धालुओं की रवानगी शुरू हो गई है।
प्रयागराज में आयोजित कुंभ में मौनी अमावस्या के बाद वाहनों का रेला सड़कों पर आया तो यातायात जाम हो गया। बृहस्पतिवार को गोपीगंज नगर में वाराणसी-प्रयागराज मार्ग पर जगह-जगह जाम लगा। लालानगर टोल प्लाजा से गोपीगंज पड़ाव तक तकरीबन पांच किमी लंबा जाम लगा। जाम हटाने के लिए पुलिस को भी पसीना बहाना पड़ा। प्रयागराज में आयोजित कुंभ में डुबकी लगाने के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की चल रही भीड़ से राजमार्ग पर जाम की समस्या बढ़ गई है। स्नान पर्व पर बड़े वाहनों का रूट परिवर्तित कर दिया गया था। स्नानार्थियों के लिए चल रहे छोटे-बड़े वाहन बड़ी संख्या में प्रयागराज से वाराणसी की ओर फर्राटा भर रहे हैं। प्रयागराज से स्नानार्थियों को लेकर लौटने वाले वाहनों के साथ मेले के कारण प्रतिबंधित बड़े वाहनों का आवागमन शुरू होने से बृहस्पतिवार को राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। इससे डेढ़ से दो घंटे की काशी और प्रयाग की यात्रा करने में दोगुने से भी अधिक समय लग गया। गोपीगंज नगर से होकर गुजरने वाले राजमार्ग पर दिनभर लोग जाम की समस्या से परेशान रहे। यातायात पुलिस के साथ ड्यूटी पर तैनात विशेष पुलिस के जवान जाम से निजात दिलाने की कवायद करते रहे। लेकिन अथक प्रयास के बावजूद समस्या बनी रही। जाम की समस्या में बेतरतीब घुस रहे वाहन चालकों को रोकने में पुलिस परेशान नजर आई। जाम छुड़ाने के लिए पुलिस को पूरे दिन पसीना बहाना पड़ा। इसके बाद भी शाम छह बजे तक भी जीटी रोड पर वाहन धीरे-धीरे रेंगते नजर आए। दूसरी तरफ वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण भदोही-मिर्जापुर मार्ग पर हालात और भी खराब हो गए। भदोही नगर के रजपुरा से लेकर औराई तक वाहनों का रेला लगा रहा।