लालानगर। औराई विकास खंड के भवानीपुर गांव में छुट्टा पशुओं से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को कई मवेशियों को पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बंद कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि जब तक छुट्टा पशुओं के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाएगी, तब तक पठन पाठन नहीं होने दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि करीब डेढ़ साल से छुट्टा पशु मुसीबत बन चुके हैं। शासन और प्रशासन की ओर से अस्थाई गोशाला निर्माण करने की बात की जा रही है, लेकिन अब तक कहीं कोई व्यवस्था नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने कहा कि महंगाई के दौर में खाद-बीज और मेहनत से फसल तैयार की जा रही है, लेकिन झुंड के झुंड मवेशी फसलों को पलक झपकते ही बर्बाद कर रहे हैं। चाह कर भी किसान फसलों को बचा पाने में असमर्थ बने हुए हैं। कहा गया कि यदि यही स्थिति बनी रही तो किसान परिवार भरण-पोषण करने के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को विवश हो जाएंगे। रविवार को कुछ मवेशी गांव में पहुंचकर फसलों को बर्बाद करने लगे। यह देख एकत्रित ग्रामीणों ने मवेशियों को पकड़कर पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बंद कर दिया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अविलंब ठोस कदम उठाने की मांग की। इस मौके पर अखिल शंकर पांडेय, अवधेश मिश्रा, पिंटू, प्रमोद कुमार, रमाकांत, सभाकांत, बृजलाल, गायत्री प्रसाद, सीताराम, रामलाल यादव आदि मौजूद रहे।