भदोही। नगर के रामसहायपुर मोहल्ला निवासी 17 वर्षीय किशोर अफरोज राइन की मंगलवार को तड़के ठंड लगने से मौत हो गई। सोमवार को दोपहर तक ठीक ठाक अफरोज की मौत से पूरा परिवार सदमे में चला गया। 17 वर्ष के किशोर की मौत की खबर से मोहल्लेवासी भी गमगीन हो गए।
घर वालों ने बताया कि सोमवार को दोपहर तक अफरोज की तबीयत एकदम ठीक थी। उसने पतंग भी उड़ाई थी। लेकिन दोपहर लगभग एक बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। सीने में दर्द और उल्टी की शिकायत पर घर के लोग उसे मोहल्ले के एक चिकित्सक के यहां ले गए। शाम तक तबीयत ठीक ठाक थी, लेकिन आधी रात के समय अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद आनन फानन में मोहल्ले वालों के सहयोग से एंबुलेंस से उसे वाराणसी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान तड़के उसने दम तोड़ दिया। घर वालों ने कहा कि उसे ठंड लगी होगी। मोहल्ले के किशोर की अचानक मौत की खबर सुनकर पूरा मोहल्ले गमगीन हो गया। सुबह बड़ी संख्या में लोग उसके घर पर जमा हो गए। उसके शव को रेलवे फाटक के समीप कब्रिस्तान में सुपुर्देखाक कर दिया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित थे।