ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जिले में 86 परीक्षा केंद्र तय हुए हैं, जो 2018 से 14 अधिक हैं। केंद्र निर्धारण के लिए आपत्ति दर्ज कराने के लिए 14 नवंबर तक आवेदन लिया जाएगा। 20 नवंबर तक सूची को फाइनल कर मंडलीय समिति और बोर्ड को भेज दी जाएगी।
फरवरी में प्रस्तावित परीक्षा की तैयारी का खाका माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से तैयार किया जा रहा है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं की अंतिम सूची माध्यमिक शिक्षा विभाग ने तैयार कर ली है। हाईस्कूल में कुल 33,749 परीक्षार्थी हैं, जिनमें 17,630 छात्र और 16,119 छात्राएं हैं। इसी तरह इंटर की परीक्षा में 27,884 विद्यार्थी भाग लेंगे। इनमें 14,229 छात्र और 13,655 छात्राएं होंगी। केंद्र निर्धारण के लिए 179 कॉलेजों की सूची एवं उनके भौतिक संसाधनों की रिपोर्ट बोर्ड को भेजी गई है। जिन विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे, वायस रिकार्डर, पेयजल, शौचालय समेत अन्य संसाधन बेहतर होंगे, वहीं परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। 2018 के सापेक्ष छात्र संख्या भी करीब पांच हजार अधिक हो गई है। गत वर्ष 57 हजार छात्र-छात्राओं ने बोर्ड परीक्षा दी थी, जबकि इस साल संख्या 62 हजार से अधिक है। 2019 की बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल के 33 हजार तो इंटरमीडिएट के 27 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगी। वहीं, करीब दो हजार व्यक्तिगत परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा देंगे। शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की अंतिम सूची के साथ केंद्र निर्धारण के लिए 179 कॉलेजों का विवरण परिषद को भेजा था, जिसमें 86 केंद्र के लिए नामित हुए। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार ने कहा कि बोर्ड ने केंद्र निर्धारण की सूची भेज दी है। विभागीय कार्यालय पर सूची को चस्पा किया गया है। 14 नवंबर तक आपत्ति दर्ज कराई जाएगी।