लंपी वायरस बीमारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए शासन स्तर से बृहस्पतिवार को 50 हजार टीके की खेप जिले में भेजी गई है। पशु विभाग की ओर से गठित 20 टीमें गांव-गांव पहुंचकर गोवंशों को लंपी वायरस का टीका लगाएंगी। टीकाकरण के बाद टीमें इसकी रिपोर्ट नोडल अधिकारी को देंगी। इससे पहले जिले में 25 हजार टीके आए थे। अब तक जिले में 24340 गोवंशों को टीका लगाया जा चुका है। विभाग ने एक सप्ताह पूर्व शासन को डिमांड भेजी थी।
प्रभारी सीवीओ डाॅ. राजेश उपाध्याय ने बताया कि शासन को पत्र लिखकर लंपी वायरस टीका का डिमांड किया गया था। टीका मिलने के बाद पशु चिकित्सक गांव-गांव पहुंच कर गोवंश में टीकाकरण करेंगे। टीका लगाने के लिए 20 टीमें गठित कर दी गई हैं। इनकी निगरानी के लिए छह नोडल अधिकारी नियुक्ति किए गए हैं। बताया कि हर टीम को एक बार में तीन सौ वैक्सीन दिया जाएगा। शत-प्रतिशत टीकाकरण करने और रिपोर्ट मिलने के बाद दोबारा टीका दिया जाएगा। लक्षण मिलने पर हर गोवंश का टीकाकरण करना प्राथमिकता है। इसे लेकर जाे भी विभागीय कर्मचारी या अधिकारी लापरवाही बरतेंगे, उनपर सख्त कार्रवाई की जाएगी। एक सप्ताह पूर्व डीघ ब्लाक के कुरमैचा, नवधन, ऊंज सहित दर्जनों गांवों में अभियान चलाकर गांवेशों को लंपी वायरस का टीका लगाया गया।