ज्ञानपुर। लोकसभा चुनाव की मतगणना की तैयारी तेज हो गई है। 42 टेबलों पर ईवीएम की मतगणना होगी, जबकि 15 अतिरिक्त टेबलों पर पोस्टल बैलेट की गणना की जाएगी। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग से लेकर मतगणना एजेंट आदि के पास आदि बनाने में निर्वाचन विभाग जुट गया है। इससे कार्यालय पर गहमागहमी बढ़ गई है।
सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव में भदोही सीट पर छठवें चरण में 12 मई को मतदान संपन्न हुआ। मतदान खत्म होने के बाद पुलिस एवं प्रशासन के अफसर 23 मई को होने वाले मतगणना की तैयारी में जुट गए हैं। कलेक्ट्रेट परिसर को पूरी तरह अभेद्य बनाया जा रहा है। जगह-जगह बैरिकेडिंग की जा रही है। मुख्य द्वार से गणनास्थल तक पहुंचने के लिए कई जांच से लोगों को गुजरना पड़ेगा। जिले की तीनों विधानसभाओं की मतगणना के लिए 42 टेबल लगाए जाएंगे। इसी तरह पोस्टल बैलेट की गिनती के लिए ज्ञानपुर, औराई और भदोही विधानसभा में पांच-पांच अतिरिक्त टेबल लगेंगे। सहायक निर्वाचन अधिकारी लालजी यादव ने कहा कि मतगणना के लिए सभी दलों की ओर से गणना एजेंट के नाम तय हो रहे हैं। उनके लिए पास बनाया जा रहा है। गणनास्थल पर बिना पास के कोई नहीं जा सकेगा।