भदोही। अखिल भारतीय खेत व ग्रामीण मजदूर सभा की ओर से मंगलवार को खंड विकास कार्यालय में भूमि, रोजगार व सामाजिक न्याय के लिए धरना देकर प्रदर्शन किया गया। धरने में वक्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकारों को कोसते हुए उन्हें किसान विरोधी करार दिया। कहा कि 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करना ही उद्देश्य रह गया है।
भाकपा माले के जिला सचिव रामजीत यादव ने कहा कि आजादी के 72 वर्ष होने के बावजूद दलित और पिछड़ा वर्ग दुर्दशा से निकल नहीं पाए हैं। वे आज भी जंगलों, सरकारी भूखंडों, ग्राम समाज, नदियों-तालाबों, नहरों के किनारे बसने को मजबूर हैं। मांग की गई कि सरकार ऐसे निर्धनों, बेघरों के लिए राष्ट्रीय आवास नीति बनाए। यह भी कहा कि दलितों, मजदूरों को बसाने के लिए अभियान चले। वक्ताओं ने गरीबों के लिए शुद्ध पेयजल, शौचालय आवास के पात्र लाभार्थियों को अब तक योजना का लाभ नहीं मिलने पर सरकार को आड़े हाथों लिया और कहा कि योजनाओ का लाभ बिचौलिए उठा रहे हैं।
सात सूत्री मांगपत्र खंड विकास अधिकारी कार्यालय में सौंप कर धरना समाप्त किया गया। संचालन धर्मराज व अध्यक्षता राम अधार ने की। इस मौके पर मुख्य रूप से रामजीत यादव, बनारसी सोनकर, धर्मराज गौतम, राजनाथ गौतम, शिव बहादुर गौतम, नन्हकू गौतम, रमा देवी, कबूतरा देवी, उमाशंकर यादव, लालदेई पटेल, डगरा सरोज, बैजनाथ गौतम, गिरधारी गौतम, सुशीला सरोज, राजीव वनवासी, तिलकधारी बनवासी आदि मौजूद रहे।