ज्ञानपुर। मंडल मिर्जापुर में बृहस्पतिवार को चुनाव संबंधी बैठक और सहायक मत्स्य निदेशक पारस सिंह के नेतृत्व में ईवीएम मशीनों को शामली से लाने की मिली जिम्मेदारी ने यह संकेत दे दिया है कि लोकसभा चुनाव का बिगुल शीघ्र ही बजने वाला है। ईवीएम लाने के लिए टीम शामली रवाना हो गई।
भदोही जिले में शामली की ईवीएम लगाई जाएंगी। वहां से ईवीएम को लेकर आने के लिए जिले के अधिकारियों की टीम बृहस्पतिवार को रवाना हो गई। जनपद में लोकसभा चुनाव को लेकर विभिन्न राजनीति दल भी जहां कमर कसकर जनता को लुभाने में जुट गई हैं, वहीं जिला प्रशासन स्तर से चुनाव को हरसंभव सकुशल संपन्न कराने को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। उधर, बसपा-सपा ने गठबंधन कर अपने प्रभारी और प्रत्याशी घोषित कर कांग्रेस, भाजपा समेत अन्य छोटे दलों की चुनौती बढ़ा दी है। दूसरी ओर पुलिस प्रशासन भी चुनाव की अधिसूचना जारी होने के पहले उपद्रवियों को चिह्नित करने में कसर नहीं छोड़ रहे हैं। हालांकि अन्य दल भी उम्मीदवारी के लिए फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं। स्थानीय चुनाव कार्यालय में तैनात अधिकारी-कर्मचारी मतदाता सूचियों को तैयार करने में दिन-रात एक किए हुए हैं। एक सप्ताह बाद ईवीएम मशीनों की आमद हो जाने के बाद संचालन के लिए प्रशिक्षणों का भी दौर शुरू हो जाएगा।