भदोही। राष्ट्रीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने बृहस्पतिवार को भदोही में मीडिया से बातचीत में बड़ा एलान कर दिया। कहा कि हिंदुस्तान निर्माण दल के बैनर तले वह लोकसभा से चुनाव लड़ेंगे। यह दल यूपी की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगा। खुद चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वाराणसी, मथुरा और अयोध्या से मुझे चुनाव लड़ने के लिए आमंत्रण आया है, जल्द ही घोषणा करूंगा कि कहां से चुनाव लड़ना है।
तोगड़िया ने कहा कि यदि इस वर्ष सरकार ने श्रीराम मंदिर नहीं बनाया तो मैं कुंभ स्नान नहीं करूंगा। बीते पांच वर्षों में प्रत्येक दिन घाटी में हमारे सैनिक शहीद हुए हैं। अलगाववादियों के प्रति ढुलमुल रवैया के चलते हम अब तक पाकिस्तान को अपनी ताकत का अहसास नहीं करा सके हैं। पाकिस्तान को खत्म करने के लिए आवश्यक है कि भारतीय सुरक्षा बलों को पूरा अधिकार दो और धारा 370 हटाओ। यदि मोदी जी ऐसा नहीं करते हैं तो उन्हें भारतीय सैनिकों के शहीद होने का दुख नहीं। उन्होंने कहा कि सैनिकों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति कोई भी दल न करे। कहा कि कश्मीर के पत्थरबाजों के मुकदमे किसके दबाव में वापस लिए गए, मोदी जी बताएं। मेरा उनसे पांच साल से इन्हीं मुद्दों पर झगड़ा चल रहा है। भाजपा के पास जब कोई मुद्दा नहीं होता तो उन्हें राम की याद आती है।