ज्ञानपुर। खेतीबारी की आधुनिक जानकारी देने के लिए कृषि विभाग की ओर से 12 दिसंबर से जिले के 79 न्याय पंचायतों में किसान पाठशाला आयोजित होगी। पहले चरण में 12 से 15 और दूसरे चरण में 17 से 20 दिसंबर तक आयोजन किया जाएगा।
किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार अनुदानित योजनाओं का लाभ देने संग जागरूक करने की मुहिम चला रही है। उसी क्रम में जिले के 79 न्याय पंचायतों में दो चरणों में किसान पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। राजस्व गांव के प्राथमिक या पूर्व माध्यमिक विद्यालय में तीन बजे के बाद पाठशाला का आयोजन होगा। उप निदेशक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि पहले चरण में 12 से 15 दिसंबर जबकि दूसरे चरण में 17 से 20 दिसंबर तक आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि किसान पाठशाला मेंकृषि, पशुपालन, उद्यान के बारे में जानकारी दी जाएगी साथ ही रबी की बेहतर खेती, उसमें लगने वाले रोग आदि के बारे में बताया जाएगा।
इनसेट
डीबीटी: सूबे में जिला अव्वल
ज्ञानपुर। अनुदानित योजनाओं के डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) में भदोही जिला सूबे में अव्वल आया है। शासन की ओर से की गई मॉनीटरिंग में मिर्जापुर मंडल पहले स्थान पर है। मंडल में भी जिला सबसे आगे है। बीज, खाद, उपकरण संग दवाओं की डीबीटी का कार्य बेहतर होने से जिला अव्वल आया। उप निदेशक कृषि अरविंद सिंह ने बताया कि सूबे में अव्वल आने पर कमिश्नर मुरली मनोहर लाल ने डीएम की सराहना की।