महराजगंज। यातायात माह में रविवार को पुलिस लोगों से यातायात के नियमों का पालन कराने के लिए अनोखे अंदाज में आग्रह करती रही। बिना सीट-बेल्ट के चार पहिया वाहन चलाने, काली फिल्म लगाकर चलने, बाइक पर बिना हेलमेट और तीन सवारी चल रहे लोगों को रोक कर माला पहनाया जाता रहा और उनसे कहा जाता कि कृपया ऐसा न करें। महाराजगंज बाजार में रविवार को पुलिस की इस कार्यशैली की चर्चा होती रही।
क्षेत्राधिकारी औराई रामकरन और कोतवाली प्रभारी सुनील दत्त दूबे ने अनोखे अंदाज में लोगों को सुरक्षित यात्रा के लिए जागरूक किया। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट और काली फिल्म लगे वाहनों को रोककर चालकों को माला पहनाकर सुरक्षित यातायात का संकल्प दिलाया। वाहन चालकों ने संकल्प लिया कि वह भविष्य में यातायात नियमों का पालन करेंगे।
औराई चौराहे पर दोपहर 12 बजे से चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान हाईवे और भदोही- मिर्जापुर से गुजरने वाले दुपहिया, चार पहिया चालकों को रोका गया। जिसने सीट बेल्ट और हेलमेट नहीं लगाया था, उनको माला पहनाकर सुरक्षित ढंग से चलने का आग्रह किया गया। अधिकारियों ने सभी से कहा कि भविष्य में यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाएं। पुलिस ने जिन लोगों का माल्यार्पण किया सभी ने गलती स्वीकार की और भविष्य में ऐसा न होने का भरोसा दिया।