ज्ञानपुर/ गोपीगंज। मिर्जापुर में ट्रांसमिशन के तहत मरम्मत के चलते रविवार को करीब सात घंटे जिले भर की बिजली गुल रही। पूर्व सूचना के बगैर कटौती से दिनभर लोग परेशान रहे। वहीं बिजली गुल होने से कुटीर उद्योग वाले भी परेशान रहे।
दीपावली समेत अन्य त्योहारों पर निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति दिए जाने की तैयारी तेज कर दी गई है। जिसके तहत रविवार को सुबह 11 बजे से शाम छह बजे तक जिलेभर में बिजली आपूर्ति ठप रही। शुरुआत में कुछ समय तक बिजली कटौती की ओर किसी का ध्यान नहीं गया लेकिन दो घंटे बाद भी जब बिजली नहीं आई तो लोग परेशान होने लगे। विभाग से पता चला कि मिर्जापुर ट्रांशमिशन समेत जिले के अन्य उपकेंद्रों की तकनीकी खामियों को सही करने के लिए बिजली कटौती की गई है। विभाग की ओर से बिजली कटौती को लेकर कोई सूचना न देने से दिन भर लोग परेशान हुए। एक्सईएन बिजली अमर सिंह ने बताया की ट्रांसमिशन की ओर से मिर्जापुर मेन पॉवर हाउस के मरम्मत के लिए सुबह 11 बजे से पांच बजे तक के लिए सिट डाउन लिया गया था, हालांकि छह बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। वहीं दूसरी ओर अघोषित कटौती को लेकर गोपीगंज नगर में व्यापारियों ने नाराजगी जताई। स्वर्णकार समाज के प्रदेश अध्यक्ष रामरक्षा सेठ ने जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकृृष्ट कराते हुुए आपूर्ति सही कराने की मांग की।