नगर के मध्यम वर्गीय परिवारों को अब मैरिज लॉन के लिए भारी भरकम खर्च नहीं उठाना पड़ेगा। नगर में जल्द ही कल्याण मंडप का निर्माण होगा। इसके लिए शासन की ओर से 3.58 करोड़ रुपये की स्वीकृत मिल चुकी है। कार्यदायी संस्था की ओर से जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
भदोही नगर पालिका में छह माह पहले ही फत्तूपुर में लगभग 15 बिस्वा जमीन कल्याण लग्न मंडल के लिए चिन्हित करने के उपरांत पालिका प्रशासन को सौंपी गई थी। उसके बाद से ही सामुदायिक केंद्र बनाए जाने के लिए धन आवंटन का इंतजार चल रहा था। कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस को निर्माण कार्य की जिम्मेदारी मिली। जिसके तहत 3.58 करोड़ का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया। जिस पर शासन की ओर से स्वीकृति मिल चुकी है। कल्याण लग्न मंडप दो मंजिला होगा। जिसमें अग्नि सुरक्षा के साथ वॉटर हार्वेस्टिंग, कांफ्रेंस हॉल के साथ पेयजल, शौचालय, इत्यादि की मूलभूत सुविधाएं रहेंगी।
कार्यदायी संस्था की ओर से जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूरी कराने के उपरांत निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इस संबंध में कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस के जेई चंदन कुमार ने बताया कि लग्न मंडप के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। निविदा प्रक्रिया पूरा कराने के उपरांत निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।