ज्ञानपुर। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छह में प्रवेश को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह है। 31 जुलाई तक 3470 बच्चों ने आनलाइन आवेदन कर दिया है। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई थी, जिसे बढ़ाकर अब सात अगस्त कर दिया गया है। प्रवेश परीक्षा 28 नवंबर को आयोजित होगी। इसमें उत्तीर्ण होने वालों का ही प्रवेश विद्यालय में हो सकेगा।
जिले का एकमात्र जवाहर नवोदय विद्यालय जोरईं गांव में स्थित है। जहां छठवीं से लेकर 12वीं तक छात्र-छात्राओं को आवासीय शिक्षा दी जाती है। आगामी सत्र में छठवीं कक्षा में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा करानी है। इसके लिए 31 जुलाई तक आवेदन लिया गया। अब नवोदय समिति ने इसको बढ़ाकर सात अगस्त कर दिया है। विद्यालय के प्रधानाचार्या डॉ. इकमरा मुद्दीन ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि को आगे बढ़ाकर अब सात अगस्त तक कर दिया गया है। अब तक 80 सीटों के लिए 3470 आवेदन आ चुके हैं। प्रवेश की चयन प्रक्रिया 28 दिसंबर को होने वाली लिखित परीक्षा के आधार पर होगा। उन्होंने बताया कि प्रवेश के लिए पंजीकरण करने वाले बच्चे का मूल निवास प्रमाणपत्र उसी जिले का होना चाहिए, जहां के लिए वह आवेदन कर रहा है। साथ ही बच्चे ने कक्षा तीन, चार और पांचवीं की पढ़ाई सरकारी या फिर मान्यता प्राप्त स्कूल से की हो।
प्रधानाचार्य ने बताया कि निर्धारित 80 सीटों में से 75 प्रतिशत सीटें ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी। उन्होंने बताया कि अभोली ब्लॉक से 305, औराई से 1035, भदोही से 573, डीघ से 388, ज्ञानपुर से 688 और सुरियावां से 481 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
ऐसे करें आवेदन
अधिकारिक वेबसाइट cbseitms.rcil.gov.in पर जाएं। होमपेज में class 6 Admission 2026 लिंक पर क्लिक करें। अब मांगी गई जरूरी जानकारी भरें और दस्तावेज अपलोड करें। फिर फार्म सबमिट करें और कन्फर्मेशन पेज का प्रिंट लें।