ज्ञानपुर। लोकसभा चुनाव को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को व्यय प्रेक्षक रानू मुखर्जी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में प्रत्याशी और राजनीतिक दलों की एक-एक गतिविधि पर नजर रखने के लिए निर्देशित किया गया। लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
उन्होंने कहा कि आयोग की मंशानुरूप सभी सहायक व्यय प्रेक्षक, स्टैटिक टीम, सर्विलांस टीम, लेखा टीम, उड़नदस्ता टीम सक्रिय हो जाएं। चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की रैली और जनसभाओं पर कड़ी नजर रखी जाए। जनसभा और रैली में कार्यक्रम से एक घंटे पहले पहुंचकर वहां होने वाले खर्च का आकलन स्वयं करें। सभी सहायक व्यय प्रेक्षक अपने विधान सभा में भ्रमण करते रहे और राजनीतिक और गैर राजनीतिक दलों के गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। सघन चेकिंग के साथ-साथ आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों पर भी नजर रखें।
उन्होंने कहा कि अन्य प्रचार-प्रसार जैसे पंपलेट, पोस्टर, बैनर, गाड़ियों, लाउड स्पीकर, टेंटेज, मेज कुर्सियों आदि का आंकलन कर व्यय लेखा में जोड़ा जाए। प्रभारी अधिकारी व्यय अनुवीक्षण धर्मेन्द्र पति त्रिपाठी ने विभिन्न टीमों की ओर से अब तक की गई कार्रवाई के बारे में अवगत कराया। इस मौके पर निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद, एसपी राजेश एस, हरिशंकर सिंह, एडीएम राम सिंह वर्मा आदि मौजूद रहे।