ज्ञानपुर। लोकसभा चुनाव में मतदाताओं को काफी दिक्कत न हो इसके लिए घर-घर मतदाता पर्ची पहुंचाई जाएगी। निर्वाचन विभाग की ओर से इसकी तैयारी तेज कर दी गई है। 23 अप्रैल को अंतिम परिर्वधन के बाद 24 अप्रैल से पांच मई तक बीएलओ मतदाता पर्ची का वितरण करेंगे।
भदोही संसदीय सीट में जिले की तीन विधानसभाओं ज्ञानपुर, भदोही और औराई के अलावा प्रयागराज की हंडिया, प्रतापुर शामिल हैं। जिले की तीनों विधानसभाओं में 11 लाख 53 हजार मतदाता हैं। छठवें चरण में 12 मई को जिले के 1293 बूथों पर मतदाना होगा। मतदेय स्थलों की व्यवस्था बेहतर करने के साथ ही मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव प्रयास किया जा रहा है। बूथों पर मतदाताओं को कोई दिक्कत न हो इसके लिए पहले से ही उनके पास मतदाता पर्ची पहुंचाई जाएगी। 16 अप्रैल से शरू हो रहे नामांकन में 23 अप्रैल तक प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे। इस दिन तक मतदाता सूची में परिवर्धन किया जाएगा। 23 अप्रैल तक परिवर्धन कार्य पूर्ण होने पर मतदाता सूूची को फाइनल किया जाएगा। निर्वाचन विभाग की माने तो 24 अप्रैल से पांच मई तक तीनों विधानसभाओं के 11 लाख 53 हजार मतदाताओं तक मतदाता पर्ची पहुचाई जाएगी। इसके लिए सभी बीएलओ को निर्देशित किया गया है। सहायक निर्वाचन अधिकारी लालजी यादव ने कहा कि 24 अप्रैल से पांच मई तक मतदाता पर्ची का वितरण किया जाएगा।