भदोही। लगातार दूसरे दिन नगर के फत्तूपुर विद्युत उपकेंद्र में 33 केवी की बसबार क्षमता वृद्धि का काम हुआ। शनिवार को जहां दिन भर बिजली गुल रही वहीं रविवार को कुछ क्षेत्रों को कटौती से मुक्त रखा गया। आधा दर्जन कर्मियों के साथ मजदूरों ने शाम तक कार्य किया। विद्युत अधिकारियों ने बताया कि रविवार को काम पूरा कर लिया गया। कहा जा रहा है कि क्षमता वृद्धि से आने वाली गर्मियों में कम से कम ब्रेकडाउन होगा।
विभाग ने पहले ही कटौती का अल्टीमेटम दे दिया था। शनिवार को सुबह नौ बजे से गुल बिजली रात के 10.30 बजे बहाल हो सकी। रविवार को भदोही टाऊन, कारपेट सिटी फीडर, इदिरा मिल व भदोही इंड्स्ट्रियल फीडर की आपूर्ति प्रभावित हुई।
कार्य का सुपरविजन कर रहे फत्तूपुर उपकेंद्र के एसडीओ एसके वर्मा ने बताया कि गर्मियों को देखते हुए क्षमता बढ़ाई जा रही है। इससे गर्मियों में उपकेंद्र न केवल अधिक लोड संभाल सकेगा बल्कि कम से कम ब्रेक डाउन भी होगा। बताया रविवार की शाम तक कार्य पूर्ण कर लिया गया। इस दौरान जेई विनोद कुमार सरोज व राजवंश कनौजिया भी लगातार मौजूद रहे।