भदोही। माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड परीक्षा के दूसरे दिन एसडीएम यमुनाधर चौहान ने नगर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर जायजा लिया। शुक्रवार को प्रथम पाली में परीक्षा नहीं थी। द्वितीय पाली में इंटर के छात्र-छात्राओं की उर्दू और संस्कृत विषय की परीक्षा थी। इसके चलते केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या सीमित रही।
विभिन्न विद्यालयों के निरीक्षण के बाद एसडीएम ने कहा कि रूटीन जांच की गई। आधा दर्जन विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कोई दिक्कत सामने नहीं आई। विद्यालयों में शिक्षकों की माकूल व्यवस्था के साथ साथ विद्यालयों के बाहर उपयुक्त सुरक्षा गार्ड और पुलिस की तैनाती की गई है। ज्ञानदेवी बालिका इंटर कॉलेज में उन्होंने जांच के बाद संतोष व्यक्त किया।