चौरी। श्रमायुक्त ने बृहस्पतिवार को क्षेत्र के दुरासी गांव में जन चौपाल लगाई। इस दौरान पुरुषों को कुर्सी पर और महिलाओं को जमीन पर बैठा देखकर उन्होंने ग्राम प्रधान-सेक्रेटरी को फटकार लगाई। कहा कि सबके साथ समानता होनी चाहिए। उन्होंने खराब हैंडपंप को भी तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया।
भदोही ब्लॉक के दुरासी ग्रामसभा में आयोजित चौपाल में पहुंचते ही नोडल अधिकारी अनिल कुमार महिलाओं को जमीन पर बैठा देखकर भड़क गए। उन्होंने ग्राम प्रधान से कहा कि ऐसे कैसे नारी समानता की बात पूरी होगी। आनन-फानन में कुछ कुर्सियां खाली करवाकर महिलाओं को बैठाया गया। जबकि कुछ महिलाओं ने स्वत: ही कुर्सी पर बैठने से इनकार कर दिया। विकास कार्यों की समीक्षा में विद्यालय के खराब हैंडपंप को देख नाराजगी जताते हुए सुधार करने के निर्देश दिए। कहा कि ऐसा नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी। दोपहर बाद तीन बजे दुरासी गांव पहुंचे नोडल अधिकारी ग्रामीणों से रूबरू हुए। इस दौरान ग्रामीणों ने समस्याएं बताईं तो कुछ संतुष्ट नजर आए। चौपाल में नाली, खड़ंजा, हैडपंप, शौचालय, आवास, पेंशन, छात्रवृति, बिजली, गैस सिलेंडर सहित तमाम सरकारी योजनाओं के बारे में उन्होंने ग्रामीणों से बारी-बारी जानकारी ली। बच्चों की शिकायत पर प्राथमिक विद्यालय में खराब हैडपंप क लेकर नोडल अधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने ग्राम प्रधान और सेकेटरी को फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि ऐसी शिकायतें नहीं होनी चाहिए। कहा कि शासन की मंशा के विपरीत काम करने वालों की खैर नहीं। इस मौके पर जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद और सीडीओ हरिशंकर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विकास भवन में गंदगी, बिफरे श्रमायुक्त
ज्ञानपुर। श्रमायुक्त और जिले के नोडल अधिकारी अनिल कुमार ने बृहस्पतिवार को विकास भवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विकास भवन के कई विभागों और शौचालयों में गंदगी देखकर उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने पूरे कैंपस को लैंड स्कैनिंग कराकर उद्यान विभाग से सुंदरीकरण कराने और वाहनों के लिए स्टैंड बनवाने का निर्देश दिया। कहा कि परिसर में लगे हैंडपंप के पानी की निकासी समुचित ढंग से कराएं। कैंपस में गंदगी दिखने पर नाजिर को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि कैंपस में प्रमुख स्थानों पर डस्टबिन रखवाएं। विकास भवन के वाहनों के लिए गैरेज की साफ-सफाई और सही उपयोग न होने पर श्रम आयुक्त ने एक सप्ताह में गैराज को बेहतर ढंग से साफ करने के साथ ही अच्छी दुकानों को एलाट करने का निर्देश दिया। विकास भवन के विभिन्न कार्यालयों, मीटिंग हॉल के निरीक्षण के दौरान दीवारों पर सूचना चस्पा दिखने पर दो दिन में सूचना पट्ट लगाने का निर्देश दिया। इसके बाद विभिन्न विभागों के आय-व्यय की समीक्षा की। साथ ही सेवानिवृत्त अधिकारियों के भुगतान संबंधित प्रकरण की समीक्षा भी की। कहा समय से भुगतान कराएं। आईजीआरएस के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता पर निस्तारण करने के निर्देश दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद, अपर जिलाधिकारी रामसिंह वर्मा, हरिशंकर सिंह, एसडीएम ज्ञानपुर अमृता सिंह, जिला विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।