ज्ञानपुर। कालीन नगरी में प्रथम पूज्य देवता गणेश की उपासना के पर्व गणेशोत्सव की धूम मची है। 11 दिवसीय गणेश पूजनोत्सव जैसे-जैसे समापन की ओर बढ़ रहा है, श्रद्धालुओं का उत्साह सिर चढ़कर बोलने लगा है। डेढ़, तीन, पांच, सात आदि दिनों की पूजा करने वाली पूजा समितियों ने मूर्तियों का विसर्जन भी कर दिया है, लेकिन 11 दिवसीय इस पूजनोत्सव का समापन रविवार को मूर्तियों के विसर्जन के साथ होगा।
जिले में ढाई सौ से अधिक स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं को स्थापित कर पूूजा की गई। भदोही नगर में 40 स्थानों पर पूजा पंडाल बनाकर गणेश पूजा की गई। इसी तरह ज्ञानपुर में तीन, औराई में 10, गोपीगंज में नौ समेत जिलेभर में भक्तों ने धूमधाम से गणेश पूजा की। साथ ही मूर्ति विसर्जन भी किया गया। गणेश पूजा का उल्लास शनिवार को भी पूजा पंडालों में देखा गया। पाली भिड़िउरा गांव में विशालकाय गणेश प्रतिमा को स्थापित कर पूजा की जा रही है। शनिवार को सुबह-शाम आरती-पूजन के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया। आरती और प्रवचन अयोध्या से आए पं. अजीत शुक्ला और शंभूजी महाराज के आचार्यत्व में हुआ। रविवार को प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। शनिवार को रमाशंकर शुक्ला, जयराम पांडेय, कड़ेदीन पांडेय, प्रमोद दुबे, राजकुमार दुबे, अभयराज सिंह, अरुण शुक्ला, चंद्रकांत पांडेय, गोपाल पांडेय आदि सक्रिय रहे। सोमवार को भंडारे का आयोजन किया गया है। इसी तरह जंगीगंज, सुरियावां, औराई, मोढ़, महाराजगंज समेत जिले भर में गणपति की पूजा-अर्चना की गई। रविवार को जिले भर में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
भदोही। भदोही नगर और नईबाजार में स्थापित श्रीगणेश प्रतिमाओं का रविवार को विसर्जन किया जाएगा। इसको लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम कर लिए हैं। मोहर्रम के ताजिया जुलूस में की गई व्यवस्था की तरह विसर्जन जुलूस के लिए चप्पे चप्पे पर सुरक्षा बलों की तैनाती का खाका तैयार कर लिया गया है। जुलूस की निगहबानी के लिए ड्रोन कैमरा तो होगा ही छतों पर दूरबीन लिए भी जवान तैनात रहेंगे। इसके लिए भदोही कोतवाली को भारी पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स की आमद हो गई है।
पुलिस उपाधीक्षक अभिषेक कुमार पांडेय ने शनिवार को दो बार शहर का भ्रमण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संवेदनशील इलाकों में कहां पुलिस तैनात होगी कहां कैमरे लगेंगे तथा किन छतों पर पुलिस दूरबीन लेकर मौजूद रहेगी इसे अंतिम रूप दिया। इसके अलावा पुलिस पूरा ध्यान विसर्जन जुलूस के समय की पाबंदी पर लगा रही है। पुलिस चाहती है कि पूजा समितियां अपनी प्रतिमाए लेकर समय से मर्यादपट्टी में जमा हो जाएं ताकि समय से रवाना हो सकें।
शहर कोतवाल नवीन तिवारी ने बताया कि जुलुस के लिए शहर को दो जोन में बांटा गया है। दोनो ही जोन सीओ स्तर के दो अधिकारियों की देखरेख में होंगे। इसके अलावा एक कंपनी आरएफ, एक प्लाटून पीएसी के अलावा 6 इंस्पेक्टर, दो दर्जन सब इंस्पेक्टर, पांच दर्जन सिपाही भी सुरक्षा व्यवस्था में होंगे। कहा कि संवेदनशील क्षेत्र सीसी टीवी कैमरों की निगाह में होंगे। एक ड्रोन कैमरा भी स्थापित किया जा रहा है। कहा कि जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में विदा करने की हर तैयारी की जा चुकी है। शरारती तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा।
भदोही (ब्यूरो)। अजिमुल्लाह चौराहे से लेकर लिप्पन तिराहे तक का क्षेत्र प्रशासन की नजर में संवेदनशील माना जाता है। शांतिपूर्ण शोभा यात्रा निकालने के लिए पुलिस द्वारा इसके दर्मियान जितनी भी छोटी छोटी गलियां हैं उन्हें सील कर दिया जाएगा। शहर कोतवाल ने बताया कि दोपहर 12 बजे शोभा यात्रा वाले मार्ग पर आम यातायात रोक दिया जाएगा। यातायात को दूसरे रास्तों से डायवर्ट कर दिया जाएगा।
भदोही (ब्यूरो)। श्री गणेश पूजा महासमिति के अध्यक्ष विनीत बरनवाल ने बताया कि भदोही और नईबाजार की सभी प्रतिमाएं 1 बजे अपने अपने पंडालों से उठेंगी और मर्यादपट्टी आकर जमा होंगी। यहां से 3 बजे शोभा यात्रा ऊगापुर के लिए रवाना होंगी। उधर नगर पालिका अध्यक्ष अशोक कुमार जायसवाल ने बताया कि शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सहुलियत के लिए विभिन्न समितियों को पानी के पाऊच वितरित किया जा रहा है।
भदोही। भदोही और नईबाजार में गणेश पूजनोत्सव के दौरान शनिवार को पूजा अर्चना का दौर चरम पर पहुंच गया। पूजा पंडालों में आज शाम से ही भक्तों का रेला उमड़ पड़ा था। देर रात तक पंडालों में महिला पुरुष और बच्चे पहुंच रहे थे। इसके चलते बाजार में और पंडालों के आस पास मेले जैसा माहौल हो गया था। इस दौरान पूजा पंडालों में बज रहे गणपति के गीतों पर जगह जगह बच्चे थिरकते हुए नजर आ रहे थे।
भदोही में गणेश पूजा का आकर्षण गांव गिरांव से लोगों को अपनी ओर खींच लाती है। भदोही नगर में 35 और नईबाजार में आधा दर्जन पंडाल शहर की शोभा बढ़ा रहे हैं। भदोही नगर में बीते एक सप्ताह से चल रहे पूजन अर्चन का दौर अपने चरम पर पहुंच गया। इसके चलते मर्यादपट्टी में ओम साईं श्री गणेश पुजनोत्सव, श्री ओम गणेश समिति अयोध्यापूरी, श्री बाल गणेश पूजा समिति रजपुरा, श्री बाल गोपाल गणेश पूजनोत्सव मेनरोड, ज्वालामुखी क्लब मेनरोड, महादेव मंदिर मेनरोड, मेनरोड गणेश पूजनोत्सव समिति समिति, कटरा के राजा, रिद्धि सिद्धि गणेश पूजनोत्सव समिति निजामपुर, रजपूरा के राजा श्री गमेश पूजा समिति काजीपुर रोड आदि पंडालों में देर रात तक पूजन अर्चन का कार्य चला।
इस दौरान गणपति बप्पा के गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया। देर रात पंडालों में हुई आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर अपनी आस्था का परिचय दिया। कटरा के राजा पंडाल में शनिवार की रात भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
लालानगर। गोपीगंज नगर स्थित दुर्गा गली में गणेश विसर्जन के उपरांत शनिवार को भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर कमेटी अध्यक्ष बाबूराव सावंत, मनोज कुमार, सूरज, कृष्णा निगम, वैभव निगम, मुकुंद लाल, शेखर शिंदे, पिंटू मोदनवाल, मनोज मोदनवाल, शिव शेठ, चुल्ली मिश्रा आदि मौजूद रहे।