सीतामढ़ी (भदोही)।
करीब एक दशक से जर्जर हो चुके मार्ग का निर्माण शुरू होने से पांच महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल एक-दूसरे से जुड़ जाएंगे। सीतामढ़ी और सेमराधनाथ के अलावा बारीपुर गंगा तट पर स्थित बाबा योगेश्वरनाथ महादेव मंदिर, फुलवरिया के बाबा भोलेदानी स्थल और कलिंजरा स्थित प्राचीन काली माई मंदिर एक साथ सीधे सड़क मार्ग से जुड़ जाएंगे।
महज एक सड़क निर्माण से जहां पांचों धर्मस्थल एक-दूसरे से जुड़ जाएंगे। वहीं, एक नए धर्म परिक्षेत्र की स्थापना के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इसे लेकर ग्रामीणों में खुशी है। सड़क निर्माण का कार्य शुरू भी हो गया है। इस सड़क निर्माण के लिए एक दशक से मांग हो रही थी। यह महत्वपूर्ण सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ग्रामीण अभियंत्रण विभाग करा रहा है। सीतामढ़ी मंदिर चौराहे से सड़क निर्माण शुरू हो गया है। यह अतिमहत्वपूर्ण सड़क नारेपार, बारीपुर, कुढ़वा, फुलवरिया, गोपालापुर, कलिंजरा होते हुए बेरवां पहाड़पुर के गर्ल्स कॉलेज तक बनेगी। शनिवार को सड़क निर्माण का निरीक्षण करने पहुंचे अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विष्णु कुमार ने बताया कि सड़क की कुल लंबाई 7.77 किलोमीटर है, जिसके निर्माण पर 3.46 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़क निर्माण शुरू होने से बारीपुर निवासी समाज सेवी राहुल दूबे, प्रधान रविशंकर पांडेय, बेचन पांडेय, सुरेश केसरवानी, धर्मेंद्र बहादुर सिंह आदि ने खुशी जताई है।