ज्ञानपुर। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक ने सोमवार को औराई, गोपीगंज आदि सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुल तीस स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने अगले आदेश तक सभी स्वाथ्यकर्मियों के सितंबर माह का वेतन बाधित करने का निर्देश दिया है। साथ ही स्पष्टीकरण भी मांगा है।
लाख कोशिश के बाद भी जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था पटरी पर नहीं आ रही है। इसका अंदाजा सीएमओ के निरीक्षण में स्वास्थ्य कर्मियों के स्वास्थ्य केंद्रों से गायब होने से लगाया जा सकता है। चिकित्साधिकारी, महिला चिकित्साधिकारी, फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वाय, नेत्र सहायक, एक्स-रे टेक्नीशियन, स्वीपर आदि एक साथ बिना किसी सूचना के सीएचसी से गायब रहे। सोमवार को गोपीगंज सीएचसी पर सुबह आठ बजकर पांच मीनट पर सीएमओ अचानक धमक पड़े। इस दौरान मौके पर 6 लोग अनुपस्थित मिले। वहीं आठ बजकर 25 मीनट पर औराई सीएचसी पहुंचे सीएमओ को एक साथ 24 स्वास्थ्य कर्मी नदारद मिले। यहां का सेंटर भगवान भरोसे ही चल रहा है। लोगों का कहना है कि कई चिकित्सक ऐसे भी हैं, जो आते है और हस्ताक्षर कर के चले जाते हैं। जिनका सुध लेने वाला कोई नहीं है।
-------------
इनसेट:
कर्मचारियों को नहीं है सीएमओ का भय
जिले में स्वास्थ्यकर्मियों को सीएमओ का भय नहीं है। यह पहला मामला नहीं है, जब सीएमओ के निरीक्षण में इतनी बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी गायब मिले हैं। इसके पहले भी दर्जनों स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से नदारद मिलते रहे हैं। अमूमन निरीक्षण के दौरान सीएमओ कार्मिकों को डांट फटकार लगाते हैं और वेतन अवरूद्ध करने की भी कार्रवाई करते हैं, लेकिन उसके बाद भी स्वास्थ्य कर्मियों में सीएमओ की हनक नहीं दिख रही है।
इनसेट:
कहां कितने अनुपस्थित:
गोपीगंज से डॉ. राजवीर सिंह, आशीष कुमार गुप्ता, सचिन कुमार, दिनेश कुमार, सेवा लाल, मूल चंद्र रहे। औराई से डॉ. सूफिया अख्तर, डॉ. आशा वर्मा, डॉ. प्रशांत मिश्र, डॉ. राशिद मुराद, डॉ.विनोद सिंह, डॉ. एके सिन्हा, डॉ. सोनाली, फहमीदा खान, कुसुम प्रजापित, राजीव, निखिल तिवारी, अर्चना, ज्योतिमा पाठक, राजू पाल, विरेंद्र यादव, सरिता चौहान, संगीता, कंचन, हीना बाना, प्रगति, अभिषेक मिश्रा, राहुल कुमार, राजेश मौर्या, किरण दूबे अनुपस्थित मिले हैं।
वर्जन:
गोपीगंज, औराई सीएचसी का निरीक्षण किया गया, जहां एक साथ कई स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले, सभी का अग्रिम आदेश तक सितंबर माह का वेतन बाधित किया गया है।
डॉ. संतोष कुमार चक, सीएमओ