ज्ञानपुर। जिले में सौ से अधिक छोटे-बड़े स्कूल वाहनों का फिटनेस फेल हो गया है। एआरटीओ ने न सिर्फ इन स्कूल वाहनों के पंजीयन निलंबित कर दिया है, बल्कि स्कूल संचालकों को नोटिस जारी किया है। विभाग की कार्रवाई के बाद संचालकों में खलबली मची हुई है।
जनपद में कुल 535 स्कूल वाहनों का एआरटीओ में पंजीयन है। जिसमें से सौ वाहन विभाग के तय मानक के अनुरूप नहीं है, विभाग ने ऐसे वाहनों का पंजीयन निलंबित कर स्कूल संचालकों को नोटिस भेजा है। साथ ही उन्हें चेतावनी भी दी है कि यदि वाहन रोड पर नजर आए तो संचालक व वाहन स्वामी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उप संभागीय अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि सौ से अधिक वाहनों का फिटनेस जांच पड़ताल में गलत पाया गया है। उन्होंने बताया कि संचालकों को नोटिस जारी कर हिदायत दी है कि बिना कागज पत्र के वाहन रोड पर चलते हुए दिखेंगे तो संचालक पर कानूनी कार्यवाई की जाएगी। स्कूल वाहनों के लिए एआरटीओ की ओर से सात मानक तय किए जाते हैं। फालो करने के बाद से ही रोड पर चलने की अनुमति मिलती है।