ज्ञानपुर/गोपीगंज। माघ माह का प्रमुख स्नान पर्व वसंत पंचमी सोमवार को हर्षोल्लास पूर्वक परंपरा मनाया गया। जिले के प्रमुख गंगा घाटों पर श्रद्धालु ब्रह्म मूहुर्त से ही आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे। दोपहर दो बजे तक घाटों पर भीड़ खचाखच रही। सेमराध कल्पवास मेला के आयोजक करुणा शंकरदास महाराज ने बताया कि सेमराध नाथ घाट पर एक लाख से अधिक लोगों ने गंगा स्नान किया। पूरे जिले में यह संख्या ढाई लाख के आसपास रही। हाईवे से लेकर गंगा घाटों तक सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहे। एसपी ने स्वयं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
सीतामढ़ी, रामपुर, सेमराधनाथ, गुलौरी, चतुर्मुखी, बिहरोजपुर, बेरासपुर, जहांगीरा बाद, भवानीपुर, बरजी और डेरवा आदि प्रमुख घाटों पर करीब ढाई लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया। पूजन अर्चन करके पुण्य फल की कामना की। जय हो गंगा मईया के जयकारे से गंगा घाट गूंज उठे। स्नान ध्यान के बाद सेमराधनाथ, बड़े शिव मंदिर, मां शीतला देवी मंदिर पर दर्शन पूजन के लिए भक्तों की भीड़ रही। स्नान के लिए प्रातःकाल से ही लोग गंगा घाट पहुंचने लगे थे, समय के साथ धीरे-धीरे घाटों पर भीड़ बढ़ती गई। सेमराध नाथ मंदिर पर दर्शन पूजन के लिए भोर से ही कतार लगनी शुरू हो गई। शाम चार बजे तक मंदिर में भीड़ रही। मंदिर के पुजारी और सुरक्षाकर्मी ने बारी-बारी से लोगों को दर्शन कराए। सुरक्षा के मद्देनजर महिला कांस्टेबल के साथ बड़ी संख्या पुलिस के जवान ड्यूटी पर मुस्तैद रहे।
इनसेट:
कहां कितने श्रद्धालुओं ने किया स्नान:
सेमराध - 1.20 लाख
रामपुर घाट- 60
सीतामढ़ी - 50 हजार
अन्य घाट: करीब 20 हजार
नोट - सेमराध कल्पवास मेला के आयोजक