मोढ़ के करियांव में कोविड-19 की जांच करते स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार पांच महीने बाद भी नियंत्रण से बाहर होता जा रहा है। शनिवार को फिर 23 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले। इसके साथ ही जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 1067 हो गई है। संक्रमितों में एक महिला और एक पुरुष पुलिसकर्मी और सीएचसी गोपीगंज का एक स्वास्थ्य कर्मचारी भी शामिल है। सदौपुर गांव में एक साथ छह संक्रमित मिलने से गांव में खलबली मच गई। जनपद में कोरोना से अभी तक 18 लोगों की जान जा चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग की शनिवार को आई रिपोर्ट में दो पुलिसकर्मी, एक स्वास्थ्य कर्मी समेत 23 संक्रमित मिले। इसमें ऊंज थाने की महिला और पुरुष सिपाही, सीएचसी गोपीगंज का एक कर्मचारी, अभोली के सदौपुर गांव में दो महिला समेत छह, कोइलरा में अधेड़ महिला, परशुरामपुर में युवक, जीतापुर में युवक, मोढ़ में युवती, चकसुंदरपुर में युवक, जलालपुर में वृद्ध, मर्यादपट्टी में युवक, पाली में युवक, डुड़वाधरमपुरी में युवक, सेवापुर कुकरौठी में युवक, मर्दनशाहपुर में युवक, केशवपुर में युवक और नई बाजार में महिला शामिल है। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि संक्रमितों को आइसोलेशन के लिए भेजा जा रहा है।