ज्ञानपुर। विभूति नारायण राजकीय इंटर कालेज में सोमवार को मूल्यांकन का जायजा लेने संयुक्त शिक्षा निदेशक कामता प्रसाद पाल अचानक पहुंच गए। एक-एक कक्षों में मूल्यांकन कार्य को देखा और संतोष जताया। तीसरे दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 17 हजार कापियां जांची गई। 15 और 16 मार्च को डीएलएड की परीक्षा को देखते हुए मूल्यांकन का समय एक घंटे बढ़ा दिया गया है।
विभूति नारायण राजकीय इंटर कालेज में नौ मार्च से शुरू हुआ है। पहले दिन नौ हजार, दूसरे दिन 15 हजार और सोमवार को 17 हजार कापियां जांची गई। इसमें हाईस्कूल की 10 हजार 78 जबकि इंटरमीडिएट की सात हजार 207 कापियों का मूल्यांकन किया गया। अब तक एक लाख 73 हजार के सापेक्ष 37 हजार से अधिक कापियां जांची जा चुकी हैं। सोमवार को संयुक्त शिक्षा निदेशक कामता प्रसाद पाल और डीआईओएस अशोक चौरसिया ने मूल्यांकन की व्यवस्था को देखा। उप नियंत्रक प्रेमचंद्र यादव ने बताया कि 15 और 16 मार्च को मूल्यांकन केंद्र पर डीएलड की परीक्षा होगी। जिससे दो दिनों तक मूल्यांकन कार्य बाधित होगा। इसको देखते हुए मूल्यांकन का समय सुबह 10 बजे के बजाए सुबह नौ बजे से पांच बजे तक चलेगा।