ज्ञानपुर/कौलापुर। लखनों में शनिवार को सुबह हुई स्कूल वैन दुर्घटना को लेकर भदोही विधायक ने ं तीन दिन के भीतर अवैध स्कूलों को बंद करने को कहा है। इसके साथ ही विभिन्न संगठनों ने दोषी अफसरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर हादसे की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।
वर्ष 2016 में कैयरमऊ के समीप ट्रेन दुर्घटना में आठ बच्चों की मौत हो गई थी। उसमें भी चालक संग प्रबंधतंत्र की लापरवाही सामने आई थी। उस घटना के बाद कुछ दिनों तक प्रशासन की ओर से कार्रवाई हुई, लेकिन बाद में स्थिति जस की तस हो गई। लखनों में रविवार को हुई घटना के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी और एआरटीओ के खिलाफ लोग नाराज हैं। हिंदू धर्म रक्षा मंच के आलोक कुमार ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर एआरटीओ, बीएसए और संबंधित क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। पत्रक में कहा कि कैयरमऊ में आठ बच्चों की मौत के बाद भी विभागीय अफसर संजीदा नहीं हुए। राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के प्रदेश सचिव नंदलाल शुक्ला ने आयोग को पत्र भेजकर एआरटीओ और बीएसए पर कार्रवाई की मांग की। कहा कि अवैध स्कूलों के संचालन में बीएसए और नियम विरुद्ध चार पहिया वैन चलने में एआरटीओ दोषी हैं। दोनों विभागों की लापरवाही से 19 बच्चे जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। दोनों अफसरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाए। वहीं दूसरी ओर भदोही विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी ने सुरियावां के नेतानगर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विभागीय अधिकारियों से ऐसे विद्यालयों को बंद कराने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और परिवहन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए वह मुख्यमंत्री को पत्र भेजेंगे। कहा कि झुलसे बच्चों का धनाभाव के कारण इलाज नहीं रुकेगा। इसके लिए वह खुद खर्च करेंगे।