ज्ञानपुर। औराई विकास खंड के ठेगीपुर गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को पूर्ति निरीक्षक और कोटेदार के खिलाफ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापना देकर आरोप लगाया कि राशन कार्ड में नाम बढ़वाने के लिए सुविधा शुल्क की मांग की जा रही है। मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई।
सरकार की ओर से सस्ते दाम में गरीबों को राशन उपलब्ध कराने की कोशिश को विभाग ही नाकाम करने पर लगा हुआ है। अधिकारियों और कोटेदारों के गठजोड़ से बड़ी संख्या में पात्र कार्ड धारकों को राशन कार्ड से वंचित होना पड़ रहा है। ठेगीपुर के ग्रामीणों का आरोप है की कोटेदार और आपूर्ति निरीक्षक की मिलीभगत से 30 पात्र कार्ड धारकों का नाम काटकर सुविधा शुल्क लेकर अपात्रों का नाम चढ़ा दिया गया। जिससे बड़ी संख्या में पात्र कार्ड धारक राशन से वंचित हो गए हैं। पीड़ित लालजी पटेल ने आरोप लगाया कि कार्ड की पात्रता में आने के वावजूद वह पांच महीने से विभाग का चक्कर लगा रहे हैं। इसके बावजूद पात्रता सूची में पैसा लेकर बड़ी संख्या में अपात्रों का नाम डाल दिया गया है। नई सूूची में नाम नहीं जुड़ने से उन सब के सामने भूखमरी की समस्या खड़ी हो गई है। इससे नाराज दर्जनभर की संख्या मेें गांव वालों ने कलेक्ट्रेट पर निरीक्षक और कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया।