ज्ञानपुर। जिले के सबसे प्राचीन और बड़े काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर के छात्रसंघ चुनाव पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। चुनाव होगा कि नहीं, इस पर संशय अब तक बना हुआ है। चुनाव को लेकर अटकलों का दौर दो महीने से जारी है।
पहले नगर निकाय चुनाव तो अब महाविद्यालय में चल रही सेमेस्टर की परीक्षाओं के चलते छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित नहीं की जा रही है। अब तक चुनाव घोषित नहीं होने से मायूस भावी उम्मीदवार आंदोलन की रणनीति बनाने लगे हैं। सितंबर तक महाविद्यालय में एडमिशन प्रक्रिया चली। एडमिशन प्रक्रिया खत्म होने के बाद छात्रसंघ चुनाव की घोषणा होनी थी। महाविद्यालय प्रशासन ने चुनाव कराने की तैयारी शुरू की तो नगर निकाय चुनाव की घोषणा हो गई। निर्वाचन आयोग ने छात्रसंघ चुनाव पर निकाय चुनाव होने तक रोक लगा दी। निकाय चुनाव खत्म होने के बाद नौ दिसंबर को महाविद्यालय में सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो गई। जो 22 दिसंबर तक चलेंगी। इसके बाद महाविद्यालय में शैक्षणिक कार्य जोर पकड़ लेगा। महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के लिए जुलाई माह से ही तैयारी कर रहे भावी प्रत्याशी अब निराश होने लगे हैं। महाविद्यालय में अध्ययनरत लगभग आठ हजार विद्यार्थी अपना प्रतिनिधि चुन पाएंगे या नहीं यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। चुनाव तिथि को लेकर बस अटकलों का दौर जारी है। डॉ. रमेश चंद्र यादव, प्राचार्य केएनपीजी कॉलेज ज्ञानपुर ने कहा कि महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने का का प्रपोजल जिलाधिकारी को दिया गया है। मंजूरी मिलने के बाद चुनाव की तिथि घोषित कर दी जाएगी।