महराजगंज/औराई (भदोही)। थानाक्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर सोमवार को सड़क हादसे में आईटीआई के छात्र की मौत हो गई और एक कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने छात्र का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल कांवरिया को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। मृत छात्र तुलापुर का निवासी था। कांवरिया इलाहाबाद के लीलापुर का निवासी बताया गया।
सावन में जीटी रोड का एक लेन कांवरियों के लिए आरक्षित होने के बाद भी दुर्घटनाओं में इजाफा हो गया है। महराजगंज संवाददाता के अनुसार, इलाके के तुलापुर गांव निवासी दिलीप यादव (26) पुत्र देवनाथ यादव आईटीआई का छात्र था। सोमवार को वह परीक्षा देने के लिए बाइक से जा रहा था। तिऊरी गांव के सामने जैसे पहुंचा, उसी समय सामने से साइकल सवार आ गया। उसे बचाने के चक्कर में वह डिवाइडर से टकराकर घायल हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। एंबुलेंस से उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। औराई संवाददाता के अनुसार, इलाके के कटका पड़ाव के समीप कांवरिया लेन पर बाइक की टक्कर से इलाहाबाद के लीलापुर निवासी कांवरिया ललई तिवारी और बाइक सवार सुरेंद्र यादव निवासी मिर्जामुराद गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां ललई की हालत चिंताजनक होने पर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है।