ज्ञानपुर। अंकल- अंकल गाड़ी हटवा दीजिए बहुत गर्मी लग रही है...। जाम में फंसे स्कूली बच्चों की यह गुहार मंगलवार को जिला मुख्यालय से सटे जोरईं के भाजपा कार्यालय के समीप दिखी। भाजपा नेताओं का काफिला रोड खड़ा होने से स्कूली बस जाम में फंस गई। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कोतवाली पुलिस ने उसे हटवाया तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
कमोबेश यही हाल ज्ञानपुर नगर में भी रहा। नेताजी के स्वागत में कार्यकर्ता इतने मशगूल हो गए कि यातायात व्यवस्था पर भी ध्यान नहीं गया। आलम यह हो गया कि डेढ़ घंटे से अधिक के जाम में यात्रियों से लेकर स्कूली बच्चों को जूझना पड़ा। उमस से स्कूली बच्चे बिलबिला उठे। मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे भाजपा प्रत्याशी संग समर्थकों का काफिला ज्ञानपुर के दुर्गागंज तिराहा पर रुका तो यहां जाम लगा और शहीद पार्क के पास रुका तो गिरधरपुर से लेकर केएनपीजी कॉलेज के आगे तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। यहां से किसी तरह जाम हटा तो जोरईं में भाजपा कार्यालय के पास लबे रोड वाहनों के खड़े होने से एक स्कूली बस फंस गई। साथ ही वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की खबर मिलने पर कोतवाली प्रभारी मयफोर्स पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने जाम हटवाया।